नबरंगपुर। ओडिशा (Odisha) के नबरंगपुर जिले में अवैध शराब की बिक्री और शराबबंदी की मांग को लेकर शुक्रवार, 16 अक्टूबर को हजारों महिलाओं ने प्रदर्शन किया। जिला नारी महासंघ के नेतृत्व में जिले के सभी 10 ब्लॉकों से पहुंचीं महिलाओं ने चमुड़ियागुड़ा चौक से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर मधुमिता को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
शराब से घरेलू हिंसा बढ़ने का आरोप
महिलाओं का आरोप है कि गांवों में देशी और विदेशी शराब की खुलेआम बिक्री से घरेलू झगड़े, गाली-गलौज और महिलाओं के खिलाफ हिंसा बढ़ रही है। सड़क किनारे ढाबों और पान दुकानों में भी शराब बेची जा रही है। नारी महासंघ ने पांचवीं अनुसूची वाले क्षेत्रों में ग्राम सभा की अनुमति के बिना शराब दुकानें चलाए जाने पर भी सवाल उठाए हैं।
अवैध शराब दुकानें बंद करने की मांग
महासंघ ने जिले को शराब मुक्त घोषित करने, अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई करने और बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही नारी महासंघ और पुलिस प्रतिनिधियों की संयुक्त निगरानी समिति बनाने का प्रस्ताव रखा है।
15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो थानों का घेराव
नारी महासंघ ने चेतावनी दी है कि 15 दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। अगले चरण में सभी ब्लॉकों के पुलिस थानों का घेराव और प्रमुख सड़कों पर प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन को बीजेडी विधायक मनोहर रांधारी, पूर्व सांसद प्रदीप माझी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष लिपिका माझी ने भी समर्थन दिया।
इधर, पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए विशेष टीमें बनाई जा रही हैं और जांच अभियान जारी है।










