लेंस डेस्क। दिल्ली और मुंबई में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान वकीलों के साथ हुई बदसलूकी और मारपीट के विरोध में वकीलों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है। शुक्रवार को बॉम्बे हाईकोर्ट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं (Lawyers) ने एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन किया और साथी वकीलों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया।
प्रदर्शनकारी वकीलों ने अपने हाथों में पोस्टर ले रखे थे जिनमें साथी वकीलों के साथ हुई मारपीट की निंदा करने के साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की गई थी। अधिवक्ताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे वकीलों के साथ बदसलूकी और बल प्रयोग पूरी तरह से असंवैधानिक है।










