नई दिल्ली: सोमवार को CJI कांग्रेस नेताओं से नहीं मिलेंगे। सूत्रों के अनुसार CJI सूर्य कांत ने कांग्रेस नेताओं से मिलने से इनकार किया है। CJI की ओर से कांग्रेस को जवाब भेजा गया है, जिसमें मीटिंग पर सहमति न देने के कई कारण भी दिए गए हैं।
CJI ने कहा- हमारे पास राजनीतिक पार्टी के डेलीगेशन से मिलने का अधिकार नहीं
CJI सूर्य कांत की ओर से कांग्रेस को भेजे गए जवाब में कहा गया है कि जिन मुद्दों पर मिलना चाहते हैं वो अदालत में लंबित हैं। सुप्रीम कोर्ट को इस तरह प्रशासनिक स्तर पर किसी राजनीतिक पार्टी के डेलीगेशन से मिलने की कोई पावर नहीं है। उसकी शक्ति याचिका दाखिल होने पर सुनवाई कर फैसला देने की है।
सीजेआई की ओर से भेजे गए जवाब में यह भी कहा गया है कि न्यायिक क्षेत्र में सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए 24 घंटे खुले हैं। सुप्रीम कोर्ट हर नागरिक के मौलिक अधिकारों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अगर कांग्रेस इस मामले में याचिका दाखिल करती है तो सुप्रीम कोर्ट लंबित मामलों के साथ मंगलवार को सुनवाई को तैयार है।
राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट मार्च का किया है आह्वान
हाल के दिनों में दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। राहुल गांधी ने इस मार्च को किसी एक पार्टी का प्रदर्शन बनाने के बजाय देश के नागरिकों की आवाज बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि पार्टी, जाति, धर्म, लिंग और राज्य की पहचान से ऊपर उठकर लोग भारतीय नागरिक के तौर पर मार्च में शामिल हों।
विपक्ष इस दौरान मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपकर वोट चोरी के आरोपों, SIR पर रोक और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेगा। इसमें कांग्रेस, सपा, शिवसेना सहित कई विपक्षी दलों के नेताओं के शामिल होने की जानकारी है।
चीफ जस्टिस सूर्य कांत ने कांग्रेस नेताओं से मिलने से किया इनकार, कहा हमारे पास अधिकार नहीं
🗓️ Published: October 11, 2026 11:31 pm







