दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक फटने से लगी आग, हैदराबाद में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

नई दिल्ली। दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान (IndiGo flight) में उस समय हड़कंप मच गया जब हवा में ही एक यात्री का पावर बैंक फट गया। पावर बैंक में हुए इस ब्लास्ट के कारण यात्री के बैग में आग लग गई और विमान के अंदर धुआं फैल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को हैदराबाद की ओर डायवर्ट किया, जहाँ उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी, वीडियो वायरल

घटना के दौरान विमान के भीतर का एक डरावना वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में यात्री घबराकर ‘फायर-फायर’ चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे अन्य यात्रियों ने तुरंत सतर्क होकर ओवरहेड बिन (सामान रखने वाली जगह) से सामान हटाया और आग बुझाने में जुट गए। केबिन क्रू ने भी तुरंत तत्परता दिखाते हुए फायर एक्सटिंग्विशर (अग्नि शमक यंत्र) का इस्तेमाल किया और समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

इंडिगो ने दी सफाई, यात्रियों के लिए की गई वैकल्पिक व्यवस्था

एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने बयान जारी कर बताया कि विमान में आग लगने की घटना का पता चलते ही केबिन क्रू ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया था। किसी भी अनहोनी को टालने के लिए सुरक्षा के लिहाज से विमान को हैदराबाद डायवर्ट किया गया। एयरलाइन ने यह भी जानकारी दी कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य यानी चेन्नई पहुँचाने के लिए एक दूसरे विमान की व्यवस्था की गई थी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now