अंबेडकर अस्पताल में टामन सोनवानी को VIP सुविधा देना पड़ा भारी, जेल प्रहरी बर्खास्त

रायपुर। CGPSC भर्ती घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को अंबेडकर अस्पताल में कथित तौर पर VIP ट्रीटमेंट और मोबाइल समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के मामले में जेल प्रशासन ने कार्रवाई की है। एक जेल प्रहरी को शासकीय सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं, दो अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भी बर्खास्तगी की कार्रवाई के लिए पत्र जारी किया गया है।

दरअसल, इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल लाए गए टामन सिंह सोनवानी से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे थे। वीडियो में सोनवानी अस्पताल परिसर में परिजनों से बातचीत करते और मोबाइल का इस्तेमाल करते दिखाई दिए थे। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

जांच में जेलकर्मियों की भूमिका और बंदी को दी गई सुविधाओं को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है। इसी के आधार पर एक जेल प्रहरी को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया गया है। इसके अलावा दो अन्य जेलकर्मियों को भी सेवा से बर्खास्त करने के लिए संबंधित स्तर पर पत्र जारी किया गया है।

टामन सिंह सोनवानी CGPSC भर्ती घोटाले के मामले में जेल में बंद हैं। अगस्त 2026 में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अंबेडकर अस्पताल के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था। उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया और बाद में पेसमेकर भी लगाया गया था।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now