नई दिल्ली। SIR पर मचे बवाल के बीच राहुल गांधी ने नई दिल्ली के यमुना किनारे इलाके में झुग्गी बस्तियों का दौरा किया है। इस दौरान उन्होंने 728 वोट में से 727 वोट काटने को लेकर सवाल उठाया है। बकायदा एसडीएम से बातचीत का वीडियो जारी किया है।राहुल गांधी ने दिल्ली की यमुना किनारे बेला एस्टेट की झुग्गी बस्ती का दौरा किया।
चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर छिड़े संग्राम के बीच राहुल गांधी ने सख्त लहजे में कहा है कि ज्ञानेश कुमार तो जाएंगे, पर जिस सिस्टम ने उनसे यह करवाया, उसका हिसाब भी होगा। राहुल गांधी ने यह बयान दिल्ली के यमुना किनारे बेला एस्टेट से जुड़ी वोटर लिस्ट को लेकर दिया है। राहुल ने इलाके में झुग्गी बस्तियों का दौरा किया। इस दौरान लोगों से मुलाकात की, साथ ही इलाके के एसडीएम को फोन किया, जिसमें वो उनको तथ्यों के आधार पर लताड़ते हुए नजर आ रहे हैं।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यमुना किनारे बेला एस्टेट में 728 लोग रहते हैं। SIR के बाद वोटर लिस्ट में सिर्फ एक नाम बचा – बाकी 727 नाम काट दिए गए। ये लोग दशकों से यहां रह रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के दिल्ली चुनावों में वोट डाल चुके हैं। 2023 में इनके घर तोड़ दिए गए थे, पर ये कहीं नहीं गए, यहीं हैं। आज मैं इनकी झुग्गी में गया और सीधे इन्हीं से सुना कि चुनाव आयोग ने इनके साथ क्या किया है।
राहुल ने आगे कहा, ‘SDM से फोन पर मैंने यही कहा कि मकान होने या न होने का वोट के अधिकार से कोई रिश्ता नहीं है। खुद CEC ज्ञानेश कुमार कह चुके हैं कि “हाउस नंबर 0” बेघरों के लिए है। फिर भी 727 लोगों का नाम काट दिया गया। यह SIR नहीं – यह वोट चोरी का तरीका है। जिनके पास पहले ही सबसे कम है, उनसे उनकी इकलौती ताकत छीनी जा रही है। ज्ञानेश कुमार तो जाएंगे, पर जिस सिस्टम ने उनसे यह करवाया, उसका हिसाब भी होगा।’
SDM को राहुल ने तगड़ा रगड़ा
राहुल गांधी ने एक वीडियो भी शेयर किया है। इसमें वह एसडीएम से बात करते नजर आ रहे हैं। राहुल कह रहे हैं कि यहां पर 729 वोट हैं, लेकिन एक व्यक्ति को एसआईआर में डाला है। इसके बाद कहते हैं कि वोटर लिस्ट में नाम है इनका। आपने उतार दिया है उनका नाम।
राहुल इसके अलावा एसडीएम को बताते हुए नजर आ रहे हैं कि मकान से कोई लेना-देना नहीं होता है वोट का। इसके बाद राहुल के आसपास के लोग बता रहे हैं कि इन्होंने बोला है कि आपका वोट नहीं है। आप गैरकानूनी तरीके से रह रहे हैं। इसको राहुल दोहराते हुए एसडीएम से कह रहे हैं कि आपने बोला है। इनका नाम वोटर लिस्ट में है, सालों से है। राहुल पूछ रहे हैं कि किस बुनियाद पर इनका वोट काटा।
वहीं एसडीएम लगातार दलील दे रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि झुग्गी थी। झुग्गी से वोट बना था। मकान नहीं था।
इसके बाद राहुल गांधी ने एसडीएम से कहा है कि देखिए आप अपना डेजिग्नेशन और नाम दे दीजिए, मैं आपको दूसरे तरीकों से देखूंगा। इसके अलावा लोग राहुल से कह रहे हैं कि आपकी वजह से हमें जीवन मिल गया, वरना हम लोग मर गए थे।











