दिल्ली के युवक को थप्पड़ मारने के वीडियो पर राहुल गांधी का हमला, बोले- ‘वोटर का डर ख़तम हो गया है’

नई दिल्ली। दिल्ली (Delhi) के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद सियासत गरमा गई है। वीडियो में दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा एक युवक का मोबाइल नीचे करते और उसके चेहरे पर थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। घटना उस वक्त की बताई जा रही है, जब मंत्री सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क की गुणवत्ता को लेकर मंत्री और आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के बीच बहस हुई। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि युवक मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था।

राहुल गांधी ने साधा निशाना

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने लिखा कि दिल्ली की भाजपा सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक नौजवान को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि युवक का गुनाह सिर्फ इतना था कि वह वीडियो बना रहा था। राहुल ने आरोप लगाया कि सड़क खोदकर दिखाई जा रही थी और युवक के हाथ में कैमरा था। उनके मुताबिक यह ऐसी सत्ता का चेहरा है, जिसे अब वोटर से डर नहीं लगता।

‘वोट चोरी’ से जोड़ा मामला

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में इस घटना को व्यापक राजनीतिक आरोपों से भी जोड़ा। उन्होंने लिखा कि सड़क पर सवाल पूछने पर थप्पड़, पेपर लीक पर सवाल पूछने पर लाठी और संसद में सवाल पूछने पर माइक बंद होने की स्थिति है। राहुल ने आगे आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी’ सिर्फ चुनावी नतीजे नहीं खरीदती, बल्कि उसके बाद आने वाला अहंकार भी खरीदती है। उन्होंने कहा कि जो सरकार अपनी जीत को पक्का मान लेती है, उसे जनता की रजामंदी नहीं, बल्कि उसकी खामोशी और अंधभक्ति चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now