अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन (Ganesh Visarjan)जुलूस के दौरान प्रशिक्षु DSP और दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर-कंठी मार्ग की बताई जा रही है। विवाद वाहन को साइड देने और जुलूस के कारण बाधित रास्ते को लेकर शुरू हुआ, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गया।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे निशांत कुर्रे दरिमा से अंबिकापुर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गणेश विसर्जन की झांकी और जुलूस डीजे के साथ गुजर रहा था। रास्ता बाधित होने पर उन्होंने वाहन को साइड देने और मार्ग खाली करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर जुलूस में शामिल कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई।
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद कुछ युवकों ने प्रशिक्षु DSP के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी निजी कार में भी तोड़फोड़ की गई और शीशे तोड़ दिए गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार/हिरासत में लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
अंबिकापुर ग्रामीण SDOP राकेश बघेल के अनुसार, निशांत कुर्रे क्षेत्र भ्रमण पर थे और डीजे के कारण रास्ता बाधित होने पर जुलूस में शामिल लोगों को मार्ग व्यवस्थित करने की समझाइश दे रहे थे। इसी दौरान विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट तथा वाहन में तोड़फोड़ की गई। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।









