रायपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के कोरबा जिले में कर्ज और खेती के बढ़ते बोझ से परेशान एक किसान की कीटनाशक सेवन के बाद मौत हो गई। घटना उरगा थाना क्षेत्र के बागबुड़ा गांव की है। 55 वर्षीय किसान परदेसी राम कंवर ने घर पर कीटनाशक का सेवन किया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, वह करीब 3 एकड़ जमीन पर खेती करते थे और खेती का अधिकांश काम अकेले संभालने को लेकर परेशान रहते थे।
मृतक के बेटे सुनील कुमार ने बताया कि परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। परदेसी राम का कहना था कि खेती का पूरा बोझ उन्हें अकेले उठाना पड़ रहा है। वह अक्सर काम अधिक होने की बात कहते थे।
परिजनों के अनुसार, परदेसी राम पर करीब 30 हजार रुपये का कर्ज भी था। खेती की जिम्मेदारी और कर्ज को लेकर वह चिंतित रहते थे। हालांकि, उन्होंने परिवार के सामने अपनी परेशानी के बारे में ज्यादा बात नहीं की थी।
सुनील के मुताबिक, घटना के दिन परदेसी राम ने घर में ही कीटनाशक खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस खुदकुशी के मामले में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने द लेंस से कहा कि किसान ने 25 हजार रुपए सोसाइटी से लोन लिया था, लेकिन सोसाइटी से किसी भी तरह का लोन रिकवरी के लिए नोटिस नहीं गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पारिवारिक कारण खुदकुशी के पीछे सामने आए हैं। पुलिस जांच के बाद ही खुदकुशी के सही कारणों का पता चलेगा।
फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद उरगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होंगे।










