गणेश पंडाल में DJ पर डांस को लेकर विवाद; चाकू-तलवार से हमले में युवक की मौत, पिता-भाई सहित 4 घायल

Murder

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मस्तूरी क्षेत्र में गणेश उत्सव के दौरान DJ पर नाचने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मस्तूरी के गतौरा में दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक पर चाकू और तलवार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में उसके पिता और तीन अन्य परिजन भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मृतक की पहचान शैलेष कुमार राठौर (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक रविवार रात करीब 11 बजे गणेश उत्सव पंडाल में डीजे बजाने और उस पर डांस करने को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों के एक गुट ने शैलेष और उसके परिजनों पर चाकू और तलवार से हमला कर दिया।

हमले में शैलेष कुमार राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता व्यास नारायण राठौर, बड़े भाई रवि कुमार राठौर, विक्रम राठौर और विकास राठौर पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया। चारों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।

एसएसपी बिलासपुर रजनेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने 14 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक पक्ष और आरोपियों के बीच पहले भी विवाद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। मृतक की पत्नी ने हमले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now