लेंस डेस्क । कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi)ने इंदौर में एक छात्रा के सवाल का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास दिया जलाने के लिए पैसा है, लेकिन छात्राओं के लिए हॉस्टल की व्यवस्था नहीं है।
राहुल गांधी ने बताया कि कल इंदौर में एक छात्रा ने उनसे यह सवाल पूछा। छात्रा गांव से पढ़ाई करने शहर आई है। हॉस्टल न होने के कारण उसे पीजी में रहना पड़ता है। सिर्फ सुरक्षित रहने में ही लाखों रुपये खर्च हो जाते हैं।
उन्होंने कहा, “हर महीने किराए की चिंता और बेघर होने का डर, इसी में पढ़ाई करनी पड़ती है। कई लड़कियां इसी वजह से पढ़ाई छोड़ देती हैं। सिर्फ इसलिए कि रहने की जगह नहीं है।”
राहुल गांधी ने आवास भत्ते पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि आवास भत्ता महंगाई के साथ नहीं बढ़ता और ऊपर से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे सवाल किया, “पीएम नरेंद्र मोदी जी, उस बच्ची के सवाल का कोई जवाब है आपके पास?”








