CGPSC राज्य सेवा परीक्षा-2025 का इंटरव्यू स्थगित, 265 पदों पर होना था चयन

CGPSC

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत होने वाले दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। आयोग ने 16 सितंबर को जारी सूचना में कहा है कि अपरिहार्य कारणों से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को स्थगित किया जा रहा है। नई तारीखों की घोषणा बाद में आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी।

आयोग के जारी नोटिस के मुताबिक, राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत विभिन्न 20 विभागों के 265 पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाने थे। अब यह पूरा कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है।

इंटरव्यू स्थगित किए जाने की यह सूचना ऐसे समय आई है, जब CGPSC की परीक्षा प्रक्रिया, खासकर मेंस परीक्षा में दिए गए अंकों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अभ्यर्थियों की ओर से मूल्यांकन और अंकों में कथित विसंगतियों को लेकर आपत्तियां उठाई गई हैं। विपक्ष ने भी आयोग की कार्यप्रणाली में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की है।

हालांकि, इन आरोपों और आपत्तियों के बावजूद आयोग की ओर से जारी ताजा नोटिस में दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू स्थगित करने की वजह केवल ‘अपरिहार्य कारण’ बताई गई है। आयोग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि स्थगन का संबंध मेंस के अंकों को लेकर उठे विवाद से है या नहीं।

राज्य सेवा परीक्षा-2025 के अगले चरण में शामिल अभ्यर्थियों को अब दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की नई तारीखों का इंतजार करना होगा। आयोग ने कहा है कि नई तिथियों की सूचना अलग से आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now