महाराष्ट्र के भंडारा में दर्दनाक सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ लौट रहे 8 श्रमिकों की मौत

Accident

नागपुर-रायपुर हाईवे पर ट्रक ने पीछे से पिकअप को मारी टक्कर, मृतकों में 5 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल; तीन गंभीर घायल

भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे (Accident) में छत्तीसगढ़ लौट रहे आठ श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों में पांच महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा लखनी-साकोली क्षेत्र के पिंपलगांव रोड स्थित एक ढाबे के पास तड़के करीब 3 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने आगे चल रही पिकअप वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दल को पिकअप को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वाहन को ट्रक से अलग करने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

तेज रफ्तार और चालक को नींद आने की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन की तेज रफ्तार और चालक को नींद आने की आशंका बताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए श्रमिक महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। रास्ते में पिंपलगांव रोड के पास उनकी पिकअप को पीछे से आ रहे मालवाहक ट्रक ने टक्कर मार दी।

हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया।

मुख्यमंत्री साय ने जताया शोक

हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में है। घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक विशेष टीम घटनास्थल के लिए रवाना की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों के उपचार समेत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वय किया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now