ट्रंप का चुनावी दांव, जीत पर वयस्कों को $5,000 मिलेंगे

वॉशिंगटन। अमेरिका में आगामी नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(Trump) ने बड़ा चुनावी दांव चला है। ट्रंप ने संकेत दिया है कि अगर रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में अपना नियंत्रण बरकरार रखती है, तो अमेरिकी नागरिकों को 5,000 डॉलर का भुगतान किया जा सकता है।

ट्रंप ने डलास में रिपब्लिकन मिडटर्म कन्वेंशन को संबोधित करते हुए इस प्रस्ताव को ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया। उन्होंने कहा, ‘अब हमें सिर्फ जीतना है।’

चुनाव से पहले मतदाताओं को बड़ा वादा

ट्रंप का यह ऐलान ऐसे समय आया है, जब मध्यावधि चुनाव को लेकर रिपब्लिकन पार्टी के लिए कई चेतावनी संकेत दिखाई दे रहे हैं। अमेरिका में आमतौर पर मध्यावधि चुनावों में राष्ट्रपति की पार्टी को सीटों का नुकसान उठाना पड़ता है।

गैर-दलीय राजनीतिक विश्लेषकों के आकलन में प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी को बढ़त हासिल है, जबकि सीनेट पर नियंत्रण की लड़ाई फिलहाल बराबरी की मानी जा रही है।

भुगतान कैसे होगा, अभी साफ नहीं

ट्रंप ने 5,000 डॉलर के भुगतान की योजना को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि रकम किस माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाएगी और इसके लिए धन कहां से आएगा।

अमेरिकी सरकार पहले से ही बड़े बजट घाटे का सामना कर रही है। ऐसे में इतनी बड़ी राशि के भुगतान के लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, अतिरिक्त सरकारी खर्च से अमेरिकी उधारी और ब्याज दरों पर भी दबाव पड़ सकता है।

अमेरिका में ही खर्च करने की शर्त

ट्रंप ने यह भी कहा कि इस रकम का इस्तेमाल अमेरिका के भीतर ही किया जाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस शर्त को लागू या नियंत्रित कैसे किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now