तहसील कार्यालय में छत गिरी, तहसीलदार की कुर्सी के ऊपर गिरा मलबा

रायपुर। तहसील (Tehsil)कार्यालय में बुधवार रात उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब कार्यालय की छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। छत का प्लास्टर सीधे तहसीलदार की कुर्सी के ठीक ऊपर गिरा, जिससे टेबल, कंप्यूटर और वहां रखा अन्य सामान मलबे की चपेट में आ गया।

घटना रात के समय हुई, जब कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद नहीं थे। यही वजह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। सुबह कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो तहसीलदार की कुर्सी और टेबल के आसपास छत का मलबा और टूटा हुआ प्लास्टर बिखरा मिला।

जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर छत का प्लास्टर गिरा है, वहां दिन के समय तहसीलदार के साथ रीडर और बाबू बैठकर नियमित सरकारी कामकाज करते हैं। तहसीलदार इसी जगह लोगों की समस्याएं सुनने के साथ राजस्व मामलों की सुनवाई और अन्य जरूरी कार्य करते हैं।

मलबे की चपेट में आने से टेबल पर रखा कंप्यूटर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि, नुकसान का पूरा आकलन अभी सामने नहीं आया है।

घटना के बाद तहसील कार्यालय की भवन सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी स्थिति सामने आई है। जिस जगह रोजाना अधिकारी, कर्मचारी और आम लोग मौजूद रहते हैं, वहीं छत का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। रात में घटना होने के कारण फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now