जापान (Japan)में भारी बारिश और भूस्खलन ने चिंता बढ़ा दी है। नागोया में एक घंटे में 104.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में बाढ़ आ गई, सड़कें और घर पानी में डूब गए। हालांकि एशियाई खेल 2026 के वेन्यू और एथलीट सुरक्षित बताए गए हैं, एशियाई खेलों की मेजबानी के लिए जापान का नागोया शहर पूरी तरह तैयार है, लेकिन इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता से 10 दिन पहले रिकॉर्ड बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी है।
नागोया में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं।
आठ सितंबर को मध्य जापानी शहर के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे दर्जनों सड़कें और घर जलमग्न हो गए। इस दौरान बस और मेट्रो सेवाएं भी अस्थायी रूप से बाधित हुईं और लगभग 3,500 लोगों को आपातकालीन राहत केंद्रों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बारिश और बाढ़ की स्थिति
नागोया और आसपास के इलाकों में रिकॉर्ड बारिश के बाद बड़े पैमाने पर बाढ़ की स्थिति बनी। दर्जनों सड़कें पानी में डूबीं और वाहन फंस गए। मेयर इचिहिरो हिरोसावा ने कहा कि खेलों के लिए जल्दी पहुंचे एथलीट सुरक्षित हैं। अस्थायी कंटेनर घरों में रह रहे करीब 400 एथलीट और स्टाफ को ऊंची जगहों पर शिफ्ट किया गया। कुछ जगहों पर छतों से पानी टपकने की समस्या हुई, लेकिन मुख्य वेन्यू के आसपास कोई गंभीर घटना नहीं हुई।
एशियाई खेलों पर असर
मेयर ने आश्वासन दिया कि वेन्यू की हालत को लेकर कोई चिंता नहीं है और योजना के मुताबिक खेल आयोजित होंगे। एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नागोया और आसपास के इलाकों में होंगे। इसमें एशिया के 45 देशों के 11 हजार से ज्यादा एथलीट हिस्सा लेंगे।
भारत का दल
भारत से 503 एथलीट और कुल 768 सदस्यों का दल भाग ले रहा है। खेल मंत्रालय ने 246 टीम अधिकारियों और कोचों को मंजूरी दी है। एथलेटिक्स और क्रिकेट को सबसे बड़ा सपोर्ट स्टाफ मिला है। एथलेटिक्स दल को 31 सदस्यों का सपोर्ट स्टाफ दिया गया है। पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेंगी। हॉकी, निशानेबाजी और बैडमिंटन दलों को भी पर्याप्त सपोर्ट स्टाफ मिला है।
आयोजकों ने पारंपरिक एथलीट्स विलेज के बजाय क्रूज शिप, होटल और कंटेनर में रहने का विकल्प दिया है। भारतीय दल का विदाई समारोह भी आयोजित हो चुका है। जापान प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए खेल सुचारू रूप से कराए जाएंगे।











