लेंस न्यूज़। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक करीब 22 लोगों की मौत हो चुकी है। 120 से ज्यादा लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में यह त्रासदी फैली है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक्स पर लिखा, ‘भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार वाले राज्य मध्य प्रदेश में शासन नाम की कोई चीज बची ही नहीं। दवा जहरीली। शराब जहरीली। पानी जहरीला। नए कानून बना दिए जाते हैं लेकिन अगले हादसे तक उन्हें तहखाने में डाल दिया जाता है।’ उन्होंने कहा कि कुछ गिरफ्तारियां होंगी, अधिकारी सस्पेंड होंगे और जांच के आदेश होंगे, क्योंकि यह पहली बार नहीं हो रहा।
प्रशासनिक कार्रवाई
बंडा के एसडीएम आरती यादव और एसडीओपी प्रदीप बाल्मीकि को हटा दिया गया है। पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर में लाइसेंसी ठेकेदारों समेत 30 लोगों को आरोपी बनाया है। एक एफआईआर में बंबइया व्हिस्की और दूसरी में सागर गोल्ड ब्रांड का जिक्र है। आरोप है कि यह शराब किराना दुकानों, ढाबों और लाइसेंसी ठेकों पर सस्ती कीमत पर बेची जा रही थी। सात शराब दुकानें सील कर दी गई हैं और सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
मजिस्ट्रियल जांच
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच में पता लगाया जाएगा कि शराब का निर्माण, भंडारण और वितरण किसने किया, तथा नियामकीय विभागों की कोई लापरवाही तो नहीं हुई। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। परिवारों में मातम छाया हुआ है। कई घरों में एक से ज्यादा सदस्यों की मौत हो गई है। प्रशासन मौतों के आंकड़े पर सतर्क रुख अपनाए हुए है।











