नई दिल्ली/गुजरात | राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों (National Film Awards)की दशकों पुरानी परंपरा इस साल बदलने जा रही है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन पहली बार नई दिल्ली से बाहर होने की संभावना है। गुजरात का एकता नगर, जहां दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थित है, इस प्रतिष्ठित समारोह की मेजबानी कर सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इसी महीने गुजरात के दौरे पर रहने वाली हैं। इसी दौरान उनके एकता नगर जाने और वहां 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करने की संभावना जताई जा रही है।
पहली बार दिल्ली से बाहर होगा समारोह
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का आयोजन लंबे समय से नई दिल्ली में होता रहा है। ऐसे में समारोह को गुजरात के एकता नगर ले जाने का फैसला एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। यदि यह आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार होता है, तो यह राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के इतिहास में पहली बार होगा, जब पुरस्कार राजधानी दिल्ली से बाहर प्रदान किए जाएंगे।
एकता नगर में सजेगा फिल्मी सितारों का मंच
गुजरात के नर्मदा जिले में स्थित एकता नगर देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में तेजी से उभरा है। यहां सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी प्रमुख आकर्षण है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन के लिए एकता नगर का चयन गुजरात के लिए भी खास माना जा रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा पुरस्कार प्रदान किए जाने की संभावना के बीच फिल्म जगत की नजर अब समारोह के आधिकारिक कार्यक्रम और आयोजन स्थल की पुष्टि पर टिकी है।








