लेंस न्यूज़। दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 को अमौसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले गो-अराउंड करना पड़ा। इस विमान में कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी सवार थे। पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहली कोशिश में लैंडिंग रोक दी और विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले गए।
विमान लैंडिंग के बिल्कुल करीब पहुंच चुका था। तभी अचानक तेज झटका लगा और एप्रोच अनस्टेबल हो गया। पायलट ने तुरंत विमान को ऊपर उठाया और गो-अराउंड कराया। इस अचानक घटना से यात्रियों में कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हालांकि पायलट की सूझबूझ से स्थिति नियंत्रण में रही। दूसरे प्रयास में विमान सुरक्षित रूप से लैंड हो गया। सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 ने दिल्ली से दोपहर करीब 2:20 बजे उड़ान भरी थी। इसे लगभग 3:30 बजे लखनऊ पहुंचना था। अभी तक आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह घटना मौसम संबंधी कारणों से हुई या किसी तकनीकी वजह से। एयरपोर्ट और एयरलाइन प्रशासन से आगे की जानकारी का इंतजार है। यह घटना सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा मानी जाती है, जिसमें पायलट किसी भी जोखिम की स्थिति में लैंडिंग स्थगित कर सकते हैं।










