लेंस न्यूज़। एक चार्टर्ड एविएशन कंपनी ने बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही (Nora Fatehi) के खिलाफ 3 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि उनके ‘अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना’ कमेंट्स से उसकी साख और कारोबार को नुकसान पहुंचा है। ड्यून्स एविएशन ने यह केस गांधीनगर कोर्ट में दायर किया है। सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में मामले की अगली सुनवाई 25 सितंबर को होगी।
क्या था विवाद ?
कंपनी के अनुसार, नोरा ने पिछले साल दिसंबर में मुंबई-जयपुर उड़ान के दौरान सेसना साइटेशन CJ2 विमान का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। वीडियो में उन्होंने विमान को ‘छोटा’, ‘टॉय’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ कहा था। कंपनी का कहना है कि 4.6 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स वाली नोरा के इन बयानों से बुकिंग रद्द हुईं और कमर्शियल कामकाज पर असर पड़ा। बुकिंग में 15-20 प्रतिशत की गिरावट और कैंसिलेशन बढ़ने का दावा किया गया है।
कंपनी का दावा
ड्यून्स एविएशन ने कहा कि वह विमान पूरी तरह DGCA-सर्टिफाइड और उड़ान भरने के लायक था। यह वैध NSOP के तहत कानूनी रूप से संचालित हो रहा था और स्टैंडर्ड साइज का था।
क्या मांग की गई ?
मुकदमे में कंपनी ने 3 करोड़ रुपये हर्जाना दिलाने की मांग की है। साथ ही सोशल मीडिया से विमान से जुड़े सभी बयान और कंटेंट हटाने तथा नोरा से सार्वजनिक सफाई जारी करने की भी मांग की गई है। इस खबर के बनाये जाने तक नोरा फतेही की ओर से अभी कोई सफाई सामने नहीं आई है।











