एक साल में चौथा ट्रांसफर, IAS अफसर बोलीं- ‘सिस्टम ने मुझे फेल कर दिया’

भोपाल। मध्य प्रदेश की 2011 बैच की IAS अधिकारी नेहा मारव्या सिंह का एक साल में चौथी बार तबादला हुआ है। खास बात यह है कि उनका ताजा तबादला उनकी नई पोस्टिंग संभालने के सिर्फ 50 दिन बाद कर दिया गया। इससे नाराज अधिकारी ने IAS ऑफिसर्स एसोसिएशन के ग्रुप में अपनी बात रखी। उनका संदेश सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है।

नेहा सिंह ने कहा कि उन्हें बार-बार तबादले से अपमानित और हतोत्साहित महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह समझती हैं कि IAS अधिकारी की नौकरी में जरूरत के मुताबिक अलग-अलग जगह काम करना पड़ता है, लेकिन इस बार स्थिति ने उन्हें निराश किया है।

अधिकारी के मुताबिक, उनके विभाग के कुछ अधीनस्थ कर्मचारियों ने उनके खिलाफ बगावत जैसा माहौल बनाया और उन्हें हटाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने उनकी बात नहीं मानी, फाइलें रोककर रखीं और यहां तक कि उनकी टेबल पर हाथ भी पटका।

नेहा सिंह का कहना है कि उन्होंने अधीनस्थों की कथित मनमानी और बदसलूकी की शिकायत उचित माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई, ताकि कार्रवाई हो सके। लेकिन कार्रवाई की जगह उनका ही तबादला कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर एक IAS अधिकारी के खिलाफ अधीनस्थ कर्मचारी इस तरह दबाव बनाकर उसका तबादला करा सकते हैं, तो अधिकारी स्वतंत्र होकर काम कैसे करेगा?

उन्होंने कहा कि उनकी पोस्टिंग लगातार इतनी छोटी हो रही है कि उन्हें काम समझने और व्यवस्था सुधारने का मौका ही नहीं मिल रहा। “जब तक मैं काम समझती हूं, तब तक मुझे हटा दिया जाता है,” उन्होंने अपनी परेशानी बताते हुए कहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें काम से अलग रखा गया और अब स्थिति इतनी खराब हो गई है कि उन्हें धमकियां भी मिल रही हैं।

अपने संदेश के अंत में नेहा सिंह ने कहा कि इस मामले में “साजिश करने वाले जीत गए और मैं हार गई।” उन्होंने चिंता जताई कि आज अगर वह निशाना बनी हैं, तो कल कोई दूसरा IAS अधिकारी भी ऐसी स्थिति का सामना कर सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now