मेक्सिको | मध्य मेक्सिको (Mexico)के एक गांव में स्थानीय उत्सव के दौरान आतिशबाजी से हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा शनिवार को टेमास्कलसिंगो नगरपालिका के सांता मारिया कांचेस्डा गांव में हुआ।
स्थानीय सरकार के मुताबिक, गांव में धार्मिक और पारंपरिक उत्सव मनाया जा रहा था। इसी दौरान लोग भूसे से बने एक बैल के पुतले को लेकर उत्सव में शामिल थे। इस पुतले से आतिशबाजी छोड़ी जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आग गांव के चर्च में रखी बड़ी मात्रा में आतिशबाजी तक पहुंच गई और जोरदार धमाका हो गया।
धमाके से गिरीं दीवारें, मची अफरा-तफरी
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि गांव के मुख्य चौक में आग फैल गई और आसपास की कुछ दीवारें गिर गईं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, कई लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पास के अटलाकोमुल्को नगर के धर्मप्रांत ने बताया कि हादसे में दो पादरी भी घायल हुए हैं। हालांकि, दोनों की हालत स्थिर बताई गई है और उनके बचने की उम्मीद है।
धर्मप्रांत ने मृतकों और घायलों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में वे पीड़ित परिवारों और घायलों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
विस्फोट की वजह की जांच शुरू
मेक्सिको के अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने बताया कि विस्फोट की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि आतिशबाजी में आग कैसे लगी और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।
मेक्सिको में पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे
मेक्सिको में आतिशबाजी से जुड़े हादसे पहले भी जानलेवा साबित हुए हैं। जुलाई 2018 में राजधानी मेक्सिको सिटी के उत्तर में स्थित तुल्टेपेक में एक आतिशबाजी फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था, जिसमें 24 लोगों की मौत हुई थी।
इससे दो साल पहले एक बाजार में हुए आतिशबाजी विस्फोट में 42 लोगों की जान चली गई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने मेक्सिको में आतिशबाजी के भंडारण और इस्तेमाल को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।










