रायगढ़। छत्तीसगढ़ में 1316 सहायक शिक्षक पदों की नियुक्ति प्रक्रिया रोके जाने के विरोध में शुक्रवार को D.Ed अभ्यर्थियों ने वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के रायगढ़ स्थित निवास का घेराव किया। डीएड संघ के अनुसार, 150 से अधिक अभ्यर्थी अपनी मांग को लेकर वित्त मंत्री के बंगले पहुंचे और नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग रखी।
अभ्यर्थियों का कहना है कि 1316 सहायक शिक्षक पदों की नियुक्ति का मामला वित्त विभाग में अटका हुआ है। इसी के विरोध में वे लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। संघ के मुताबिक, अभ्यर्थी पिछले 255 दिनों से तूता, नया रायपुर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।
हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करवाने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से चयनित अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में है।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रायगढ़ पहुंचे और वित्त मंत्री को ज्ञापन सौंपकर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक नियुक्ति को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलता, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
वित्त मंत्री ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
अभ्यर्थियों के मुताबिक, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि इस मामले में जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद अभ्यर्थियों ने अपनी मांग और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी स्थिति को लेकर आगे की कार्रवाई पर चर्चा की।
फिलहाल, 1316 सहायक शिक्षक पदों की नियुक्ति को लेकर अभ्यर्थियों की नजर सरकार और वित्त विभाग की अगली कार्रवाई पर है। लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बीच अब अभ्यर्थी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद लगाए हुए हैं।









