PRSU में छात्रों का हल्ला बोल, खराब रिजल्ट और परीक्षा व्यवस्था पर प्रदर्शन

रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) में परीक्षा और रिजल्ट से जुड़ी समस्याओं को लेकर मंगलवार को NSUI ने जोरदार प्रदर्शन किया। NSUI अध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। छात्रों ने परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी और परीक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल सुधार की मांग की।

खराब रिजल्ट और ATKT को लेकर छात्रों में नाराजगी

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने PRSU से संबद्ध विभिन्न कॉलेजों में BA, B.Com, BA LLB, M.Com और BCA के खराब परिणाम का मुद्दा उठाया। छात्रों का कहना है कि कई विद्यार्थियों को महज एक, दो और चार नंबर के अंतर से ATKT या Year Back दिया जा रहा है। इससे छात्रों का एक साल खराब होने की स्थिति बन रही है। छात्रों ने रिजल्ट की दोबारा जांच और गलत परिणामों में सुधार की मांग की।

बिना परीक्षा रिजल्ट जारी करने का आरोप

छात्रों ने कुरुद स्थित संत गुरु घासीदास महाविद्यालय में बिना परीक्षा लिए रिजल्ट जारी करने और विद्यार्थियों को ATKT दिए जाने का आरोप लगाया। इसके अलावा भाटापारा के गजानन कॉलेज का मामला भी प्रदर्शन में प्रमुखता से उठाया गया। छात्रों के अनुसार BA के 60 विद्यार्थियों में से 45 छात्रों को परीक्षा में अनुपस्थित दर्शाया गया है। NSUI ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

NSUI अध्यक्ष ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रशासनिक खामियों का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक-दो नंबर के अंतर से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जबकि परीक्षा शुल्क के नाम पर उनसे लगातार राशि ली जा रही है। घंटों चले प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से चर्चा की और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। NSUI ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories