कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में पदस्थ रहीं निलंबित CSP नेहा पचिसिया की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। जमीन सौदेबाजी कांड समेत अन्य मामलों में आरोपी नेहा पचिसिया पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। जमीन सौदेबाजी कांड समेत अन्य मामलों में आरोपी बताई जा रहीं नेहा पचिसिया की तलाश तेज हो गई है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नेहा पचिसिया समेत तीन आरोपियों पर इनाम घोषित किया है।
लुकआउट नोटिस जारी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। नेहा पचिसिया वर्तमान में निलंबित हैं और फरार बताई जा रही हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। नेहा पचिसिया के साथ मुख्य फाइनेंसर बताए जा रहे क्षितिज राज बारापात्रे और कागजी खरीदार बताए जा रहे मारूफ अहमद हनफी पर भी इनाम घोषित किया गया है।
अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज
प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायालय द्वारा नेहा पचिसिया की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई है। इससे निलंबित CSP नेहा पचिसिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिला एवं सत्र न्यायालय, कटनी के प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने शनिवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद पुलिस ने नेहा पर इनाम घोषित कर लुकआउट नोटिस जारी किया है।
क्या मामला है?
दरअसल, नेहा पचिसिया मामला पुलिस पद के दुरुपयोग और जमीन हड़पने से जुड़ा है, जिसमें कटनी की तत्कालीन CSP पर एक हत्या के आरोपी के परिवार को जमानत का झांसा देकर उनकी 83 लाख रुपये की जमीन को महज 18.20 लाख रुपये में अपने करीबियों के नाम दर्ज कराने का आरोप है।










