बलौदाबाजार। शासकीय दा. क. सिंह (डीके) कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एलएलबी (LLB) की 20 सीटों पर प्रवेश रोके जाने के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने जमकर प्रदर्शन किया। परिषद के मुताबिक कॉलेज में एलएलबी की 80 सीटें स्वीकृत हैं, लेकिन इस सत्र में बिना किसी पूर्व सूचना या आदेश के केवल 60 सीटों पर ही प्रवेश दिया जा रहा है। इसे लेकर छात्र संगठनों का आरोप है कि सीटों में कटौती से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कई छात्रों के लिए कानून की पढ़ाई का अवसर सीमित हो जाएगा। प्रदर्शनकारी विधि विभागाध्यक्ष पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
मूसलाधार बारिश में चार घंटे चला प्रदर्शन
भारी बारिश के बावजूद छात्र और ABVP कार्यकर्ता करीब चार घंटे तक कॉलेज परिसर में डटे रहे। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ तीखी झड़प की स्थिति बनी। काफी देर तक चले हंगामे के बाद प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों से बातचीत की। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। आंदोलन में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं और परिषद के कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व उदित भारद्वाज, एस कुमार चेलक, प्रभात चेलक, आशीष यादव और रुस्तम समेत अन्य पदाधिकारियों ने किया।
कॉलेज प्रबंधन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन, BCI जाएगा प्रतिनिधिमंडल
लगातार विरोध के बाद कॉलेज के प्राचार्य ने छात्रों को आश्वासन दिया कि विधि विभाग में मनमानी के आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रोकी गई 20 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया दोबारा शुरू कराने के लिए कॉलेज और छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI), दिल्ली जाएगा। परिषद के अनुसार, वहां से अनुमति मिलने के बाद शेष सीटों पर प्रवेश शुरू कराने की कोशिश की जाएगी। आंदोलन के बाद अब छात्रों की नजर इस प्रतिनिधिमंडल की कार्रवाई और BCI के फैसले पर टिकी है।










