बारिश का कहर, देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया पूर्वानुमान

नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 से 30 अगस्त के बीच देश के बड़े हिस्से में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं की गति कुछ जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। Heavy rain alert

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी, मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर, पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कई इलाके प्रभावित हो सकते हैं।

दिल्ली-एनसीआर की स्थिति

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश हो रही है। एम्स फ्लाईओवर, कनॉट प्लेस, आईटीओ और आरके पुरम समेत कई इलाकों में 3-4 फीट तक पानी भर गया। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे पर महिपालपुर के पास भारी जाम लगा। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। सोमवार को करीब 390 उड़ानें लेट हुईं, 15 डायवर्ट और 26 रद्द कर दी गईं। गुरुग्राम में कई जगह पानी भरने के बाद सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया।

उत्तर प्रदेश

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25-27 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश हो सकती है। सोमवार को 65 शहरों में हुई भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई। मथुरा में सड़कें और रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए। अयोध्या समेत कई शहरों में बारिश जारी है। वाराणसी में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

राजस्थान और मध्य प्रदेश

पूर्वी राजस्थान में 24 से 26 अगस्त के बीच आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। कई जिलों में सोमवार को तेज बारिश हुई।

मध्य प्रदेश में पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में 25 से 29 अगस्त तक बड़े पैमाने पर बारिश होने का अनुमान है। 25 से 28 अगस्त के बीच आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। भोपाल और विदिशा में पहले ही पानी भरने की घटनाएं हो चुकी हैं।

छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार

छत्तीसगढ़ में 25 से 30 अगस्त तक व्यापक बारिश होने की उम्मीद है। 26 से 28 अगस्त के दौरान भारी बारिश हो सकती है।झारखंड में पूरे राज्य में बारिश की संभावना है। 25 से 28 अगस्त के बीच भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।बिहार में 25-26 अगस्त को व्यापक बारिश और 25 से 27 अगस्त के बीच भारी बारिश का अनुमान है।

महाराष्ट्र, विदर्भ और पश्चिम बंगाल

कोंकण और गोवा में 25 से 30 अगस्त तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है। विदर्भ में 25 से 28 अगस्त के बीच बड़े इलाके में बारिश और आंधी-तूफान की आशंका है।

पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी इलाकों और उप-हिमालयी क्षेत्रों में व्यापक बारिश होने का अनुमान है। सिक्किम में भी 25 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग की सलाह

IMD ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड और केरल समेत करीब 15 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से निचले इलाकों में जलभराव से सावधान रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। कुल मिलाकर 30 अगस्त तक देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर रहने वाला है। भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाओं की भी आशंका बनी हुई है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now