राजधानी में बड़ी वारदात टली: कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश नाकाम, दिल्ली-बिहार के 3 आरोपी गिरफ्तार

Kalyan Jewellers

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस की प्रोएक्टिव पुलिसिंग के चलते कल्याण ज्वेलर्स (Kalyan Jewellers) में बड़ी डकैती होने से पहले ही नाकाम कर दी गई। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी दिल्ली और बिहार के हैं।

आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीन युवकों को हिरासत में लिया।

डीसीपी के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती डालने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने दिल्ली के देवांश शर्मा (19), सुशांत कुमार पासवान (19) और बिहार के मुजफ्फरपुर के मयंक सिंह (19) को गिरफ्तार किया गया है।

पहले की थी ज्वेलरी शोरूम की रेकी

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने 1 अप्रैल 2026 को कल्याण ज्वेलर्स की रेकी की थी। इस दौरान उन्होंने शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास का इलाका और वारदात को अंजाम देने के संभावित रास्तों का निरीक्षण किया था। डीसीपी के मुताबिक, जांच में पता चला कि फरार दो आरोपी लगातार मोबाइल के जरिए गिरफ्तार आरोपियों से संपर्क में थे। वे रेकी की तस्वीरें साझा कर रहे थे और डकैती की पूरी योजना तैयार कर रहे थे।

पुलिस ने इस मामले में थाना गुढ़ियारी में डकैती का प्रयास और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है।

फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही जब्त मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर आरोपियों के नेटवर्क और हथियारों की व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी डकैती की वारदात को टालने में सफलता मिली है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories