नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के प्रस्तावित आयोजन स्थल के पी कॉलेज के ग्राउंड का आवंटन रद्द कर दिया गया है। आठ अगस्त को केपी इंटर कॉलेज के मैदान पर यह आयोजन होना था।
केपी कॉलेज जिस कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट से संचालित है उसके कार्यवाहक अध्यक्ष चौ. जितेंद्रनाथ सिंह ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देकर कार्यक्रम की अनुमति निरस्त कर दी है। वहीं, कांग्रेस इसके पीछे सरकार का दबाव बता रही है। पार्टी का कहना है कि राहुल गांधी का कार्यक्रम हर हाल में होगा।
नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर राहुल गांधी का प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसके पहले राजस्थान के कोटा 17 जून, उत्तराखंड के देहरादून में 17 जुलाई को उक्त कार्यक्रम हो चुका है। प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ की तारीख पहले 10 जुलाई तय थी। देहरादून में भी आयोजन स्थल का आवंटन अंतिम समय में रद्द कर दिया गया था।
मैदान में कार्यक्रम को लेकर मंच बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गयी। इधर, शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौ. जितेंद्रनाथ सिंह ने बुधवार को हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देकर अनुमति निरस्त कर दी।
उन्हाेंने कहा, राहुल गांधी के कार्यक्रम की वजह से दो विद्यालयों के छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होगी। जो आउटडोर खेल का स्थान है वह बारिश के पानी से खराब हो जाएगा, जिसे ठीक करने में दिक्कत आएगी। ऐसे में बरसात के बाद अवकाश की तारीख पर कार्यक्रम तय करें तब मैदान दिया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम से भाजपा सरकार डरी है। इसके पहले सरकार के दबाव में कोटा और देहरादून में भी राहुल का कार्यक्रम निरस्त कराया गया था, लेकिन छात्र सड़क पर उतरे तो सरकार को अनुमति देनी पड़ी। यहां भी मोदी-योगी की सरकार के दबाव में मैदान देने की अनुमति निरस्त की गई है। हमारा कार्यक्रम शनिवार को शाम पांच बजे होना है उस समय स्कूल बंद हो जाता है। अगले दिन रविवार है। फिर पढ़ाई कैसे बाधित होगी? यह साेचने वाली बात है। हमारी तैयारी जारी रहेगी। हर हाल में राहुल गांधी प्रयागराज आएंगे। जरूरत पड़ी तो उनकी सभा सड़क पर कराएंगे।











