लेंस डेस्क। EOW इंदौर ने बुधवार को एमवायएच अस्पताल के फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के ठिकाने पर छापा (EOW raid) मारा। शुरुआती जांच में उनकी आय से करीब दोगुनी संपत्ति मिलने की बात सामने आई है फिलहाल मामले की जांच जारी है। ईओडब्ल्यू इंदौर ने बुधवार सुबह एमवायएच अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात राकेश गोरखे के ठिकाने पर छापा मारा। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद की गई है।
दवा खरीदी में भ्रष्टाचार के आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने सरकारी दवाओं के स्टॉक में गड़बड़ी कर आय से अधिक संपत्ति जुटाई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसे इंदौर एमवाय अस्पताल में नौकरी के दौरान वेतन के रूप में करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपये मिले, जबकि उसके पास मिली संपत्तियों की कीमत 2 करोड़ 13 लाख रुपये से ज्यादा है। यानी उसकी संपत्ति उसकी ज्ञात आय से करीब 108 फीसदी अधिक पाई गई है।
जांच में यह पाया गया
जांच में सामने आया कि एमवाय हॉस्पिटल के राकेश गोरखे की नियुक्ति साल 2007 में हुई थी। साल 2015 में उन्हें 18 हजार 711 रुपये प्रति माह वेतन मिलता था, जो 2025 में बढ़कर 54 हजार 664 रुपये प्रति माह हो गया। उनकी पत्नी कीर्ति गोरखे भी 2010 से शासकीय दंत चिकित्सालय में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें वर्तमान में 42 हजार 402 रुपये प्रति माह वेतन मिल रहा है।
छापे में मिली संपत्तियां
EOW इंदौर की टीम जांच कर रही है। अभी तक ये संपत्तियां मिली हैं:
वृंदावन गार्डन, स्कीम नंबर 140, इंदौर में 1000 वर्गफीट पर निर्मित दो मंजिला मकान, अनुमानित कीमत लगभग 54 लाख 89 हजार।
44, संघवी रेसीडेंसी, बिचौली मर्दाना, इंदौर में 2337 वर्गफीट का प्लॉट, कीमत 25 लाख।
प्लॉट नंबर 23, सद्गुरु नंदी विहार, बड़िया कीमा, इंदौर में 1571 वर्गफीट का प्लॉट, कीमत 20.78 लाख।
प्लॉट नंबर 198, साकार एनआरआई सिटी, इंदौर में 8000 वर्गफीट का प्लॉट, कीमत 78.79 लाख।
प्लॉट नंबर 226, साहिल इंद्रांचल होम्स, इंदौर में 1302 वर्गफीट का प्लॉट, कीमत 27 लाख 62 हजार।
आरोपी द्वारा ओमेक्स डेवलपर्स को प्लॉट हेतु 6 लाख 70 हजार का भुगतान करना पाया गया।
बिना मंजूरी विदेश यात्रा
जांच में पता चला कि गोरखे ने अपनी संपत्तियों की जानकारी विभाग को नियमानुसार नहीं दी थी। पासपोर्ट की जांच में सामने आया कि वह अक्टूबर 2023 में थाईलैंड की यात्रा पर गया था, जिसके लिए उसने विभाग से अनुमति नहीं ली थी। छापे के दौरान उसके घर से छह संपत्तियों के दस्तावेज, बैंक पासबुक, रजिस्ट्री की कॉपी, पासपोर्ट और 1 लाख 51 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
टीम में शामिल अधिकारी
ईओडब्ल्यू इंदौर के एसपी रामेश्वर सिंह यादव ने इस कार्रवाई के लिए टीम गठित की थी। टीम में उप पुलिस अधीक्षक नंदिनी शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक प्रीतम सिंह ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह सिसोदिया, निरीक्षक कैलाशचंद्र पाटीदार, निरीक्षक आमोद सिंह राठौर समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।











