रायपुर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार रात आतंकियों (Terrorist Attack) ने एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने लेने का दावा किया है।
नाम पूछने के बाद की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे दो आतंकी कुलगाम के केलम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर पहुंचे। वहां मौजूद दो श्रमिकों से उन्होंने पहले उनकी पहचान पूछी और फिर नजदीक से गोली चला दी। दोनों श्रमिक भट्ठे के पास किराये के मकान में रहकर काम कर रहे थे। गोली लगने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आतंकी उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद साथी श्रमिकों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने 24 वर्षीय दीपक रातरे को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं 28 वर्षीय भूपेंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान (SKIMS) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। बताया गया कि दीपक के सीने और भूपेंद्र के पेट में गोली लगी थी।
इलाके में सर्च ऑपरेशन
हमले के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सुरक्षा बल हमले में शामिल आतंकियों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।
TRF ने ली हमले की जिम्मेदारी
हमले के बाद लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। संगठन ने भविष्य में भी ऐसे हमले जारी रखने की धमकी दी है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की भी जांच कर रही हैं।
कश्मीर में पिछले कुछ दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा टारगेट किलिंग का मामला है। इससे पहले 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक इलाके में अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि हाल के दिनों में प्रवासी श्रमिकों और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की कोशिशें बढ़ी हैं, जिसके चलते संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और कड़ी की जा रही है।









