देशभर में मॉनसून का कहर,16 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट,देखें राज्यवार अलर्ट

Monsoon Update: देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को राजस्थान समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ व कटान की घटनाएं बढ़ गई हैं।

उत्तराखंड: लैंडस्लाइड से केदारनाथ रूट बंद

उत्तराखंड में बुधवार सुबह रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में भूस्खलन हुआ। गौरीकुंड के पास हुए लैंडस्लाइड के कारण केदारनाथ ट्रैकिंग रूट पूरी तरह बंद कर दिया गया है। तीर्थयात्रियों को रोका गया है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा रहा है।

रुद्रप्रयाग के सिल्ली इलाके में मलबा गिरने से हाईवे कुछ देर के लिए बंद रहा। वहीं पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से गिरे बोल्डर ने एक कार को दबा लिया। हरिद्वार में गंगा नदी के तेज बहाव में गंगाजल भरते समय एक युवक बहने लगा, जिसे SDRF टीम ने समय रहते बचा लिया।

उत्तर प्रदेश: नदियां उफान पर, गांव डूबे

उत्तर प्रदेश के बलिया में सरयू नदी का तेज कटाव जारी है। नदी का पानी कई गांवों में घुस गया है। 100 से ज्यादा परिवार घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट हो गए। दो मकान पूरी तरह नदी में समा गए और कई घरों की नींव बह गई है। गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर घटने के बावजूद कटान तेज हो गया है, जिससे बड़ी मात्रा में कृषि भूमि और पेड़ नदी में बह गए हैं।

अन्य राज्यों की स्थिति

जम्मू-कश्मीर : राजौरी में भारी बारिश से एक सरकारी प्राइमरी स्कूल की दीवार गिर गई। अक्चमल के पास लैंडस्लाइड होने से कारगिल-लेह नेशनल हाईवे बंद हो गया है।
असम : बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं।
हिमाचल प्रदेश : लगातार बारिश से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

अगले 4-5 दिनों का अलर्ट

IMD के अनुसार, एक गहरे अवदाब के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में मॉनसून और ज्यादा सक्रिय रहेगा। 22 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कई जगहों पर 40-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा।

राज्यवार महत्वपूर्ण अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर

30 और 31 जुलाई को येलो अलर्ट। आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी। अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान।

उत्तर प्रदेश

30-31 जुलाई को पश्चिमी UP (मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मथुरा आदि) में भारी बारिश। 2-4 अगस्त को पूर्वी UP में भी तेज बारिश संभव। कई इलाकों में आंधी-बिजली का खतरा।

उत्तराखंड

30 जुलाई से 4 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश। चारधाम यात्रा पहले से ही प्रभावित है। भूस्खलन, आंधी और बिजली गिरने का खतरा।

हिमाचल प्रदेश

30-31 जुलाई को शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा समेत ज्यादातर जिलों में भारी बारिश। 4 अगस्त तक सिलसिला जारी रहने की संभावना।

राजस्थान

30 जुलाई से 2 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में मध्यम से तेज बारिश, कहीं-कहीं बहुत भारी। जोधपुर और बीकानेर में मॉनसून फिर सक्रिय।

झारखंड

1 से 4 अगस्त के बीच राज्यभर में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट।

बिहार

31 जुलाई से 4 अगस्त तक ज्यादातर जिलों में भारी बारिश। 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

जम्मू-कश्मीर

30 जुलाई से 4 अगस्त तक बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाएं।

इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी अलग-अलग दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करें। निचले इलाकों में जलभराव, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क यातायात बाधित होने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें और सुरक्षित रहें।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories