Monsoon Session 2026 : कंगना रनौत का CJP प्रदर्शन पर बयान, कहा- ‘सभी सांसद डरे हुए थे’

Monsoon Session 2026 : मानसून सत्र के दूसरे दिन विपक्ष के भारी हंगामे के कारण संसद की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। NEET UG 2026 पेपर लीक मामले पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सदस्यों ने प्लेकार्ड दिखाए और नारेबाजी की। संसद की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई थी, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते दोनों सदनों को 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा। दोबारा शुरू होने पर भी स्थिति नहीं सुधरी और आखिरकार दोपहर 2 बजे तक स्थगन की घोषणा कर दी गई।

बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने संसद के बाहर CJP के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि सभी सांसद भीड़ के हमले के डर से डरे हुए थे। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याएं सुनने के बजाय सरकार ने उन पर लाठियां चलवाईं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘हमें संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है। लोकतंत्र में ऐसा करना गलत है।’ खड़गे ने आगे बताया कि उन्होंने अन्याय, उत्पीड़न और दबाव के मुद्दे पर बोलने का समय मांगा था, लेकिन जैसे ही उन्होंने बोलना शुरू किया, उनका माइक बंद कर दिया गया।

नई दिल्ली के संसद भवन में मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दलों के सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से उनके कक्ष में मुलाकात की, जिसमें समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव, शिवसेना (UBT) के अरविंद सावंत समेत अन्य विपक्षी नेता शामिल थे। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य सोमवार को जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के विरोध में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज, आंसू गैस की बर्बर कार्रवाई और परीक्षा घोटाले पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने की मांग करना था।

राहुल गांधी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर लिखा कि छात्रों को अपने भविष्य से जुड़े जायज सवाल पूछने पर पीटा गया, अगर संसद देश के युवाओं के भविष्य पर चर्चा नहीं कर सकती तो उसका क्या मतलब है, और विपक्ष इस मुद्दे को दबने नहीं देगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि संसद को छात्रों पर हुए अत्याचार और परीक्षा संकट में सरकार की जवाबदेहीहीनता पर पूरी चर्चा करनी चाहिए ताकि छात्रों की आवाज सड़कों के साथ-साथ संसद में भी सुनी जा सके। यह मुलाकात मानसून सत्र के दौरान NEET विवाद को लेकर विपक्ष के लगातार बढ़ते हंगामे का हिस्सा है।

राज्यसभा में नियम 267 के तहत नोटिस

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल और सैयद नासिर हुसैन ने राज्यसभा में नियम 267 के अंतर्गत तत्काल चर्चा का नोटिस दिया है। उन्होंने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले पर तुरंत चर्चा कराने की मांग की है।

NDA की बैठक में PM मोदी का बयान

इससे पहले संसद भवन में NDA संसदीय दल की बैठक हुई। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक में कहा कि पेपर लीक में शामिल दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने AIIMS भुवनेश्वर के लिए नए सदस्य के चुनाव का प्रस्ताव रखा। 2 अप्रैल 2026 को ममता मोहंता का कार्यकाल समाप्त होने के बाद यह सीट खाली हुई थी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now