खेल डेस्क। स्पेन ने फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup) का खिताब जीतते हुए फुटबॉल की दुनिया में फिर से अपना दबदबा कायम कर लिया। भारतीय समयानुसार 20 जुलाई की रात 12.30 बजे न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में स्पेन ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराया। मैच का इकलौता और निर्णायक गोल अतिरिक्त समय में 106वें मिनट में सब्स्टीट्यूट फेरान टोरेस ने किया।
इस जीत के साथ स्पेन ने अपने इतिहास का दूसरा फीफा विश्व कप जीता। इससे पहले उसने 2010 में नीदरलैंड को हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
मार्टिनेज में मैच में कुल 12 बेहतरीन सेव किए और स्पेन को लंबे समय तक गोल करने से रोके रखा।
हालांकि, 106वें मिनट में पेड्रो पोरो के क्रॉस पर निको विलियम्स ने हेडर से गेंद फेरान टोरेस के पास पहुंचाई। टोरेस ने बिना समय गंवाए पहला शॉट सीधे गोलपोस्ट में मार दिया और स्पेन को 1-0 की बढ़त दिला दी, जो अंत तक कायम रही।
पूरे मुकाबले में स्पेन का दबदबा देखने को मिला, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज लगातार शानदार बचाव करते रहे।
मैच में स्पेन ने 20 शॉट अटेम्प्ट किए, जिसमें से 12 शॉट गोल के लिए थे।
वहीं, इस मैच में अर्जेंटीना शुरू से दबाव नहीं बना सकी। अर्जेंटीना ने मैच में सिर्फ दो शॉट लिए और इसमें से एक भी शॉट गोल की तरफ नहीं गए। अर्जेंटीना इस टूर्नामेंट में पहली ऐसी टीम भी बन गई, जिसने निर्धारित 90 मिनट में एक भी शॉट अटेम्प्ट नहीं किया।
स्पेन का दबदबा, अर्जेंटीना बेअसर
यूरोपियन चैंपियन स्पेन ने शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा। युवा स्टार लामिन यामाल, दानी ओल्मो, मिकेल ओयारजाबाल, मार्क कुकुरेला और बाद में मैदान पर आए पेड्री व निको विलियम्स ने लगातार अर्जेंटीना के डिफेंस पर दबाव बनाया।
इसके विपरीत, अर्जेंटीना का आक्रमण पूरी तरह स्पेन की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने संघर्ष करता नजर आया। पूरी टीम अतिरिक्त समय तक कोई प्रभावी हमला नहीं कर सकी।
पिछले वर्ल्ड कप के हीरो मार्टिनेज ने अकेले संभाली जिम्मेदारी
अगर मैच अतिरिक्त समय तक पहुंचा तो इसका सबसे बड़ा श्रेय अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज को जाता है। उन्होंने यामाल, टोरेस, पेड्री, विलियम्स और अन्य खिलाड़ियों के कई शानदार प्रयास विफल किए। लेकिन आखिरकार 106वें मिनट में वे भी स्पेन के निर्णायक हमले को रोक नहीं सके।
अर्जेंटीना के एंजो फर्नांडेज को मिला रेड कार्ड, हुए बाहर
मैच के अंतिम क्षणों में अर्जेंटीना की मुश्किलें और बढ़ गईं, जब मिडफील्डर एंजो फर्नांडेज को दूसरे पीले कार्ड के बाद रेड कार्ड दिखाया गया। इसके अलावा टीम को मैच के दौरान दोनों शुरुआती सेंटर-बैक की चोटों का भी सामना करना पड़ा, जिससे डिफेंस कमजोर पड़ गया।
मेसी का लगातार दूसरा विश्व कप जीतने का सपना टूटा
यह मुकाबला लियोनेल मेसी के लिए लगातार दूसरा विश्व कप जीतने का मौका था, लेकिन स्पेन ने उनकी टीम का सपना तोड़ दिया। अर्जेंटीना 2022 की विश्व चैंपियन थी और इस बार खिताब बचाने उतरी थी, लेकिन अतिरिक्त समय में मिली हार के साथ उसका अभियान समाप्त हो गया।











