देश के प्रधानमंत्री जैसा प्रचार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का! ढाई साल में 1 हजार करोड़ से ज्यादा का दिया विज्ञापन, हर दिन सवा करोड़ खर्च

Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने 1 जनवरी 2024 से लेकर 31 मार्च 2026 तक की अवधि में अपने विज्ञापन (Advertisement) में 10 अरब 95 करोड़ 20 लाख रुपयों से ज्यादा खर्च किया है। यानी 1.33 करोड़ रोज़! दिलचस्प है कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रचार में औसतन हर दिन किए जा रहे खर्च के ही आस–पास है!

सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस विधायक सावित्री मनोज मंडावी के प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह जानकारी दी है ।राज्य का जनसंपर्क मंत्रालय मुख्यमंत्री के पास ही है।

इन आंकड़ों के मुताबिक छत्तीसगढ़ सरकार ने अपनी योजनाओं और कमाओं के प्रचार प्रसार में प्रतिदिन 1 करोड़ 33 लाख रुपए खर्च किए।

इन खर्चों में सर्वाधिक 3 अरब 44 करोड़ 4 लाख 57 हजार 623 रुपए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर खर्च हुए हैं।इसके अलावा प्रिंट मीडिया पर 1 अरब 98 करोड़ 26 लाख 30 हजार 840 रुपए,डिजिटल मीडिया पर 55 करोड़ 81 लाख 91 हजार 658 रुपए,सोशल मीडिया पर 5 करोड़ 78 लाख 45 हजार 391 रुपए,प्रकाशन मीडिया पर 19 करोड़ 17 लाख 85 हजार 671 रुपए, क्षेत्र प्रचार पर 4 अरब 14 करोड़ 1 लाख 4 हजार 531 रुपए,आदिवासी उपयोजना के तहत प्रचार–प्रसार में 22 करोड़ 17 लाख 79 हजार 242 रुपए तथा विशेष अवसरों पर किए गए प्रचार–प्रसार में 35 करोड़ 92 लाख 41 हजार 742 रुपए व्यय किए गए।

इसमें छत्तीसगढ़ संवाद अथवा दूसरे विभागों द्वारा सीधे जारी किए गए विज्ञापनों पर हुआ व्यय शामिल नहीं है। यह आंकड़े अभी उपलब्ध नहीं हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि इस वक्त छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय प्रतिदिन जितना खर्च कर रहे हैं वह खर्च पीएम मोदी द्वारा पिछले 11 वर्षों में किए गए औसत खर्च के आसपास है।

हालांकि पिछले दो वर्षों में यानि लोकसभा चुनाव के बाद पीएम मोदी पर औसतन खर्च काफी बढ़ा है।

समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन और अन्य द्वारा लोकसभा में उठाए गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने हाल ही में पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार के विज्ञापन व्यय का विस्तृत विवरण प्रदान किया।

मंत्री ने बताया कि 2014-15 और 2024-25 के बीच नरेंद्र मोदी सरकार ने विज्ञापनों पर कुल 5,987.46 करोड़ रुपये खर्च किए। इसका मतलब है कि औसतन हर दिन लगभग 1.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

छत्तीसगढ़ के गठन के बाद से प्रचार प्रसार पर सरकारों का खर्च लगातार बढ़ता ही गया है।

विधानसभा में ही तत्कालीन भाजपा विधायक धर्म लाल कौशिक के एक सवाल के जवाब में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया था कि उनकी सरकार ने 1 जनवरी 2020 से लेकर 31 जनवरी 2021 तक प्रचार प्रसार में 1 अरब 72 करोड़ 27 लाख रुपए खर्च किए थे। यानि 44 लाख रुपए प्रतिदिन।

यह भी पढ़ें: फर्जी दस्तावेज जमा करने पर NMC ने छत्तीसगढ़ में 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज की मान्यता की थी रद्द,अब मिली मंजूरी

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now