बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक लोकप्रिय बार में लगी आग (fire at a Bangkok) ने 27 लोगों की जान ले ली। इस हादसे में 63 लोग घायल हो गए। थाई अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की मुख्य वजह बिजली व्यवस्था में खराबी हो सकती है। आग रात करीब 12 बजे चातुचक जिले के रोंग बीयर ना लाट फ्राओ नामक बार में लगी। यह इलाके का प्रसिद्ध मनोरंजन और खाने-पीने का स्थान है।
म्यूजिशियन सहित मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बिजली चले जाने से कुछ देर पहले मंच के पास सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखा। इसके तुरंत बाद एक जोरदार धमाका हुआ और पूरा बार धुएं से भर गया। कई लोग जान बचाने के लिए बार के पिछले हिस्से में टॉयलेट की तरफ भागे लेकिन वहां दम घुटने से उनकी मौत हो गई। फायर ब्रिगेड ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इमारत का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
प्रधानमंत्री ने किया घटनास्थल का दौरा
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया उन्होंने बताया कि सभी शव बरामद कर लिए गए हैं और घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तिपुंत ने कहा कि बार की छत पर लगी ज्वलनशील सजावट सामग्री की वजह से आग तेजी से फैली। उन्होंने यह भी बताया कि इमरजेंसी एग्जिट के पास कई लोग बेहोश पाए गए, जिससे संदेह है कि बाहर निकलने का रास्ता अवरुद्ध रहा होगा।
अभी आग लगने की सही वजह की जांच चल रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट में बिजली सिस्टम की खराबी को मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है।










