रायपुर। भाजपा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गुरुवार को कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल (Ramgopal Agarwal) के पुत्र वैभव अग्रवाल की जगह द लेंस संवाददाता दानिश अनवर की तस्वीर लगा दी। पोस्ट थी– ‘रामगोपाल अग्रवाल का बेटा वैभव EOW के शिकंजे में’। इस पोस्ट के साथ जो तस्वीर लगाई गई वह वैभव की जगह दानिश अनवर की थी।

भाजपा की इस सोशल मीडिया पोस्ट के सामने आते ही प्रतिक्रिया होने लगी तब भाजपा के मीडिया सेल ने इसे चूक बताया और कहा कि गलती से हो गया है,हटा रहे हैं! लेकिन पार्टी के मीडिया सेल से गलती स्वीकार करने वाले फोन के करीब डेढ़ घंटे बाद भी भाजपा के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट के साथ दानिश अनवर की ही तस्वीर लगी हुई थी और यह पोस्ट अनेक बार शेयर भी हो चुकी है।
भाजपा ने हटायी पोस्ट
भाजपा की इस पोस्ट पर मीडिया मे काफी चर्चा होने के बाद शाम करीब 6 बजे भाजपा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से यह पोस्ट हटा ली ।











