रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नकटी गांव (Nakti) में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि इस दौरान बुलडोजर में तोड़फोड़ की गई और ड्यूटी पर तैनात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। अब मौके पर मौजूद वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि नकटी गांव में विधायक कॉलोनी के लिए प्रस्तावित भूमि पर बने मकानों को हटाने की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध किया था। कार्रवाई के समय बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे। विरोध के दौरान कुछ महिलाएं बुलडोजर के सामने लेट गई थीं और ग्रामीणों ने कार्रवाई रोकने की मांग की थी।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











