रायपुर। रायपुर एयरपोर्ट की एक तस्वीर सोमवार को सोशल मीडिया में खूब चर्चा का विषय बनी रही। तस्वीर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सरगुजा से भाजपा सांसद चिंतामणि महाराज और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम एक साथ बोर्डिंग लाउंज में बैठे दिखाई दे रहे हैं। तीनों दिल्ली जाने वाली एक ही फ्लाइट के यात्री थे।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद राहुल गांधी नियमित विमान से दिल्ली लौट रहे थे। एयरपोर्ट पर चेक-इन के बाद जब वह बोर्डिंग लाउंज में पहुंचे तो वहां पहले से चिंतामणि महाराज बैठे हुए थे। राहुल गांधी भी वहीं जाकर बैठ गए। इसके बाद दोनों एक साथ बैठे रहे। कुछ देर बाद राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम भी वहां पहुंच गईं और तीनों एक ही विमान से दिल्ली रवाना हुए।
तस्वीर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या दोनों नेताओं के बीच कोई बातचीत हुई। इसी बीच ‘द लेंस’ ने इस मुलाकात को लेकर भाजपा सांसद चिंतामणि महाराज से विशेष बातचीत की।
‘द लेंस’ से बातचीत में चिंतामणि महाराज ने कहा – ‘मैं पहले से बोर्डिंग लाउंज में बैठा हुआ था। तभी राहुल गांधी वहां आए और पूछा कि क्या मैं यहां बैठ सकते हैं। तब मैंने सहमति जताई तब वो वहां बैठ गए।’
जब ‘द लेंस’ ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने राहुल गांधी से कोई बात की। इस पर चिंतामणि महाराज ने कहा – ‘शायद वे मुझे पहचान नहीं पाए। इसलिए मैंने अपनी तरफ से बातचीत नहीं की।’
दिलचस्प बात यह है कि चिंतामणि महाराज कभी कांग्रेस से जुड़े रहे थे और पार्टी के विधायक भी थे। वे बाद में भाजपा में शामिल होकर सरगुजा से सांसद बने।
ऐसे में एयरपोर्ट पर साथ बैठी यह तस्वीर राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।










