लेंस डेस्क। अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में ओमान की खाड़ी में भारतीय नागरिकों की मौत की खबर ने देशभर में चिंता और शोक का माहौल पैदा कर दिया है। इस त्रासदी का शिकार Aditya Sharma भी हुए, जो उस जहाज पर तैनात थे, जिस पर हाल ही में हमला हुआ था।
इस घटना में कुल तीन भारतीयों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि इन पंक्तियों के लिखे जाने तक विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि यह घटना कैसे घटी।
इन तीनों भारतीयों की मौत ने देश को शोकाकुल कर दिया लेकिन आदित्य शर्मा की मौत की इस दुखद खबर के बाद सोशल मीडिया पर उनके पिता राजेश शर्मा के कुछ पुराने एक्स पोस्ट भी चर्चा का विषय बन गए हैं। ये पोस्ट अक्टूबर 2023 के हैं, जब हमास के हमले के बाद इजराइल और गाजा के बीच युद्ध शुरू हुआ था।
सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे स्क्रीनशॉट्स के अनुसार, राजेश शर्मा ने उस दौरान इजराइल के समर्थन में कई पोस्ट किए थे। एक पोस्ट में उन्होंने गजा को पूरी तरह ‘क्लीन’ कर गैर-मुस्लिम क्षेत्र बनाने जैसी बात लिखी थी। अन्य पोस्टों में भी उन्होंने इजराइल की सैन्य कार्रवाई और उसकी नीतियों का समर्थन किया था।
हालांकि, आदित्य शर्मा की मौत के बाद इन पोस्टों को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कुछ लोग राजेश शर्मा के पुराने विचारों और बयानों पर विपरीत टिप्पणियां कर रहे हैं, लेकिन साथ ही यूजर्स ने यह भी लिखा कि युद्ध और संघर्ष की कीमत अक्सर वे लोग चुकाते हैं जिनका निर्णयों और नीतियों से सीधा संबंध नहीं होता। ऐसे समय में संवेदना और मानवीय दृष्टिकोण सबसे अधिक महत्वपूर्ण हो जाते हैं।
यह भी लिखा जा रहा है कि किसी भी सूरत में युद्ध के खिलाफ खड़ा होना ही आज की सबसे बड़ी मानवीय जरूरत है। युद्ध या ऐसे सफाये की कामना अंततः इंसानियत के खिलाफ ही होती है।
फिलहाल आदित्य शर्मा समेत तीन भारतीयों की मौत को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।







