रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों (Swami Atmanand schools) में चल रही संविदा भर्ती प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। लोक शिक्षण संचालनालय ने आदेश जारी कर सभी जिलों में जारी भर्ती प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने के निर्देश दिए हैं।

संचालनालय के अनुसार अब शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की भर्ती जिला स्तर पर नहीं की जाएगी। इसके बजाय पूरे प्रदेश के लिए एक केंद्रीयकृत परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा का संचालन लोक शिक्षण संचालनालय करेगा और इसके आधार पर तैयार मेरिट सूची जिलों को भेजी जाएगी।
जारी आदेश में सभी कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों और स्वामी आत्मानंद विद्यालय प्रबंधन समितियों के अध्यक्षों को भर्ती प्रक्रिया रोकने और इसकी सूचना संचालनालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के बाद प्राप्त मेरिट के आधार पर विभिन्न जिलों में नियुक्तियां की जाएंगी। परीक्षा की तिथि, पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देशों संबंधी विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
इस फैसले के बाद अब स्वामी आत्मानंद स्कूलों में भर्ती के लिए प्रदेशभर के अभ्यर्थियों को एक समान परीक्षा प्रक्रिया से गुजरना होगा। माना जा रहा है कि इससे भर्ती प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।










