रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कमी से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। तीन दिनों से पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। इस संकट को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से IPL बंद करने की अपील की है। भूपेश बघेल ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) पोस्ट में लिखा कि IPL को तुरंत रोक दिया जाए। उन्होंने इसके तीन बड़े फायदे भी बताए:
ईंधन की बचत: हजारों लोग स्टेडियम आने-जाने के लिए यात्रा करते हैं। IPL बंद होने से इन यात्राओं पर रोक लगेगी और बहुत मात्रा में पेट्रोल-डीजल बचेगा।
विदेशी मुद्रा की बचत: विदेशी खिलाड़ियों को डॉलर में भुगतान करना बंद हो जाएगा।
सट्टेबाजी पर रोक: IPL के साथ जुड़ी सट्टेबाजी भी रुक जाएगी।
बघेल ने आगे तंज कसते हुए कहा कि RSS के कुछ कार्यकर्ता भी सटोरिए बन गए हैं, वे भी रुकेंगे।
“जनता परेशान, सरकार नौटंकी कर रही है”
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि कोई संकट नहीं है लेकिन आम जनता घंटों लाइन में खड़ी होकर तेल के लिए परेशान है। उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री की गाड़ी में फुल टैंक होगा, इसका मतलब यह थोड़ी है कि जनता को भी तेल मिल गया।’ उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी पहले ही कह चुके थे कि चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ेंगी और अब यह सच साबित हो रहा है। बघेल के अनुसार, अब न सिर्फ दाम बढ़ रहे हैं बल्कि ईंधन मिलना भी मुश्किल हो गया है।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
भूपेश बघेल का यह पोस्ट वायरल हो गया है और राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। कांग्रेस लगातार केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोल रही है, जबकि भाजपा इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है। गर्मी के मौसम में पेट्रोल-डीजल की यह किल्लत आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। कई जगहों पर पंपों पर तेल खत्म होने की शिकायतें आ रही हैं।








