Weather Update : भीषण गर्मी से परेशान देश के बड़े हिस्से को शनिवार को तेज हवाओं के साथ बारिश ने राहत दी है। मौसम विभाग ने 9 राज्यों में आंधी, बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। जम्मू-कश्मीर की चिनाब घाटी में लैंडस्लाइड के कारण डोडा-किश्तवाड़ रोड पूरी तरह बंद हो गई है। सड़क पर भारी मलबा आने से 100 से ज्यादा वाहन जाम में फंस गए। प्रशासन ने मलबा हटाने के लिए मशीनें और कर्मचारी तैनात कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। उरई 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जगह रहा, जबकि हरदोई में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया। बांदा में 27 अप्रैल को 47.6 डिग्री पहुंचने के बाद पिछले पांच दिनों में तापमान करीब 6 डिग्री तक गिर गया है।
मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच कई इलाकों में आंधी-बारिश और ओले गिर रहे हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को ग्वालियर समेत 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। पिछले दो दिनों में 35 जिलों में बारिश, ओले या आंधी देखी जा चुकी है।
बिहार में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कैमूर में शुक्रवार को बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। राजस्थान में शुक्रवार को बाड़मेर और बीकानेर जैसे शहरों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। ज्यादातर जगहों पर पारा 40 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों में 16 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, 40 से 60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। इस बदलाव से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 42 डिग्री तापमान रहा, जबकि पिछले 24 घंटे में मैनपुर और चंद्रपुर में हल्की बारिश हुई। राजधानी रायपुर में भी दोपहर या शाम तक बादल छा सकते हैं।
मई में ज्यादा बारिश का अनुमान
मौसम विभाग (IMD) ने मई महीने में देशभर में सामान्य से ज्यादा बारिश होने का अनुमान जताया है। कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है, हालांकि गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
इन राज्यों में हुई बारिश-ओले-आंधी
बारिश: असम, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के कई इलाकों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
ओलावृष्टि: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में ओले गिरे।
आंधी-तूफान: बिहार, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मिजोरम, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंधी चली।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी और ओलावृष्टि के दौरान सुरक्षित जगह पर रहें, खासकर खेतों और खुले इलाकों में न निकलें। यात्रा कर रहे लोग मौसम अपडेट चेक करते रहें।देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में बदलाव जारी है। राहत के साथ-साथ कुछ क्षेत्रों में अभी भी गर्मी बरकरार है।








