लेंस डेस्क। केरल (Kerala) के त्रिशूर जिले में मंगलवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ, जब फैक्ट्री में पटाखे बनाए जा रहे थे।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार घटनास्थल से 10 शव बरामद किए गए हैं, जबकि तीन लोगों के शरीर के हिस्से अलग-अलग स्थानों पर मिले। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास का इलाका दहल उठा और फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 40 मजदूर मौजूद थे। विस्फोट के बाद कई मजदूर झुलस गए। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 17 लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि पटाखे खेतों के बीच बने अस्थायी शेड में तैयार किए जा रहे थे। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। हालांकि रुक-रुक कर हो रहे छोटे विस्फोटों के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कत आई।
फिलहाल प्रशासन ने इलाके को घेर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ के विकास नगर में भीषण आग, 100 झुग्गियां जलकर खाक, चार की मौत










