युवा कांग्रेस ने घेरा भाजपा दफ्तर, कहा – PM is Compromised सिर्फ नारा नहीं, बेरोजगार युवाओं के मन की पुकार

PM is Compromised

रायपुर। AI समिट में कांग्रेस के किए गए हंगामे के बाद भाजपा ने दिल्ली समेत कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मुंबई में राहुल गांधी को काले झंडे दिखाए गए। वहीं, छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के कार्यालयों का घेराव किया गया।

राजधानी रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेसी और कांग्रेसी कार्यकर्ता राजीव गांधी चौक से रजबंधा तालाब स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय एकात्म परिसर की ओर बढ़े।

सैकड़ों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता ‘PM is Compromised’ जैसे नारों के साथ आगे बढ़े, लेकिन बीच रास्ते में पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस बल और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और तनावपूर्ण स्थिति भी देखने को मिली।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने केंद्र और राज्य सरकार के दबाव में उन्हें अत्यधिक बल प्रयोग से रोकने का प्रयास किया, जबकि वे सिर्फ शांतिपूर्ण तरीके से अपने सवाल भाजपा नेतृत्व तक पहुंचाने जा रहे थे।

युवा कांग्रेसियों ने कहा कि ‘PM is Compromised’ यह सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि करोड़ों बेरोजगार युवाओं के बेचैन मन की पुकार है

युवा कांग्रेसियों ने सवाल किया कि क्या देश की छवि नेता विपक्ष को गोली मारने की बात करने पर खराब नहीं होती? क्या देश की छवि चीनी रोबोट को लाकर उसे अपना नवाचार बताने पर ख़राब नहीं होती? क्या देश की छवि अमेरिका के सामने झुककर एकतरफा ट्रेड डील करने पर ख़राब नहीं होती?

प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि आज देश का युवा हताश है, किसान संघर्ष कर रहा है और हर वर्ग में निराशा गहराती जा रही है। बेरोज़गारी चरम पर है, महंगाई काबू से बाहर है और सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विपक्ष पर झूठे आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटका रही है। अमेरिका के साथ की जा रही डीलें पूरी तरह किसान-विरोधी हैं, जिनसे देश के कृषि हितों पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

आकाश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा नेतृत्व को बताना चाहिए कि आखिर वे कौन-सी मजबूरी है जिसके चलते देशहित को ताक पर रखकर एकतरफा समझौते किए जा रहे हैं। एप्स्टीन फाइल जैसे गंभीर मामलों पर चुप्पी क्यों साधी जा रही है? जनता को गुमराह करने के बजाय सरकार को सच बताना चाहिए।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, ग्रामीण अध्यक्ष पप्पू बंजारे, पूर्व महापौर एजाज ढेबर, प्रदेश महासचिव  गुलज़ेब अहमद,भावेश शुक्ला, सहित तमाम युवा कांग्रेसी और कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।

यह भी पढ़ें : AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर मायावती ने क्‍या कहा?

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories