सुकमा में 8 लाख के इनामी 4 माओवादी कैडरों ने हथियार डाले

Sukma Naxal Surrender नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों और राज्य सरकार की पुनर्वास नीति को एक और सफलता मिली है। शुक्रवार 30 जनवरी को कुल 8 लाख रुपये के इनामी 4 माओवादी कैडरों ने ऑटोमैटिक हथियारों और गोला-बारूद के साथ आत्मसमर्पण किया। इनमें 2 महिला कैडर शामिल हैं। यह आत्मसमर्पण छत्तीसगढ़ पुलिस और आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले की पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ‘पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान के तहत हुआ।

आत्मसमर्पित कैडर कोंटा-किस्टाराम एरिया कमेटी (दक्षिण बस्तर डिविजन) से जुड़े थे। इनमें गोलापल्ली LOS कमांडर और ACM रैंक का एक कैडर भी शामिल है। उन्होंने SLR, INSAS, .303 और .315 रायफल सहित कुल 28 राउंड गोला-बारूद सौंपे। ये सभी 8 आपराधिक मामलों में आरोपी थे। आत्मसमर्पण बस्तर रेंज पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज, सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण IPS, और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ।

आत्मसमर्पण करने वाले कैडर और उनके हथियार:
सोढ़ी जोगा (गोलापल्ली LOS कमांडर, ACM रैंक): 5 लाख इनामी, SLR रायफल + 10 राउंड
डाबर गंगा उर्फ मड़कम गंगा (पार्टी सदस्य): 1 लाख इनामी, INSAS रायफल + 8 राउंड
सोढ़ी राजे (पार्टी सदस्य): 1 लाख इनामी, .303 रायफल + 5 राउंड
माड़वी बुधरी (पार्टी सदस्य): 1 लाख इनामी, .315 रायफल + 5 राउंड

पुलिस के अनुसार, नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना, सड़क कनेक्टिविटी में सुधार, लगातार प्रभावी नक्सल विरोधी अभियान और विकास योजनाओं की पहुंच ने माओवादियों के स्वतंत्र घूमने के इलाके को खत्म कर दिया है। इससे संगठन में मोहभंग तेज हुआ है और कैडर हिंसा छोड़ मुख्यधारा में लौट रहे हैं। माओवादी संगठन अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

बस्तर रेंज आईजी पी. सुंदरराज ने कहा, “हिंसा में सिर्फ विनाश है, जबकि ‘पूना मारगेम’ विकास, सम्मान और समाज में वापसी का रास्ता खोल रहा है। शेष कैडरों से अपील है कि हथियार छोड़कर मुख्यधारा में आएं। हम आपके सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी लेंगे।”सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने भी अपील की कि बचे हुए माओवादी जल्द आत्मसमर्पण करें और सरकार की पुनर्वास योजना का लाभ उठाकर नई जिंदगी शुरू करें, आत्मसमर्पित कैडरों को शासन की नीति के तहत आर्थिक मदद, पुनर्वास और अन्य सुविधाएं मिलेंगी ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now