Weather Alert : भीषण गर्मी से परेशान देश के ज्यादातर हिस्सों को जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 मई से 5 जून के बीच देश के 80-90% हिस्से में प्री-मानसून बारिश होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन तक गर्मी का सितम जारी रहने वाला है। अधिकतम तापमान 43-44 डिग्री Celsius तक पहुंच सकता है लेकिन 28 मई से मौसम बदलने की उम्मीद है। हल्की-मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में 6-7 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
यूपी के कई जिलों में मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, मेरठ, नोएडा, गोरखपुर, प्रयागराज, आगरा और अयोध्या समेत कई इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने का भी खतरा है।
बिहार इस समय सबसे संवेदनशील राज्यों में शामिल है। पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर और किशनगंज में भारी बारिश और 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं का अलर्ट है। लोगों को खुले में न निकलने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। उत्तर प्रदेश के बांदा में मंगलवार को देश के सबसे गर्म इलाकों में से एक रहा। यहां तापमान 47.4 डिग्री Celsius दर्ज किया गया।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में 47°C, ब्रह्मपुरी (महाराष्ट्र) में 46.6°C और कई अन्य शहरों में पारा 45-46 डिग्री के पार रहा।उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
मानसून में देरी, केरल अभी इंतजार में
दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक केरल पहुंचने का अनुमान था, लेकिन अभी तक नहीं पहुंचा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दक्षिण-मध्य अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण नमी कमजोर पड़ गई है। अगले 2-3 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के आसार हैं। यूरोपीय मौसम एजेंसी यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ECMWF) के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 8-15 दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और बंगाल की खाड़ी के इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। उत्तर और मध्य भारत में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
जून की शुरुआत शुष्क और साफ मौसम के साथ
जून महीने की शुरुआत साफ और शुष्क मौसम से होने वाली है। तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी, लेकिन उमस लोगों को परेशान कर सकती है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। कुछ विश्वसनीय 15-दिनीय पूर्वानुमान वेबसाइट्स के मुताबिक, 2 से 4 जून के बीच अधिकतम तापमान एक बार फिर 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 31 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है।
स्काईमेट का पूर्वानुमान
स्काईमेट के अनुसार, शुक्रवार से दिल्ली-एनसीआर में सामान्य प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इसमें गरज-चमक के साथ धूल भरी आंधी और तेज बारिश की संभावना है जिससे लू की स्थिति पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। इसके अलावा, 28 मई को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत को प्रभावित करेगा। 28 से 31 मई के बीच गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।










