LOC पर बौखलाए पाकिस्तान की गोलाबारी, पुंछ के 10 लोगों सहित अब तक 15 की मौत, 40 से ज्‍यादा घायल

violation of ceasefire


श्रीनगर/नई दिल्ली। बीती रात भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद बौखलाए पाकिस्‍तान ने मंगलवार रात से ही एलओसी (LOC) पर गोलाबारी शुरू कर दी। इस गोलाबारी में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें पुंछ के करीब 10 लोग शामिल हैं। पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकवादियों के खिलाफ की गई एयरस्ट्राइक ने पड़ोसी मुल्क में हड़कंप मचा दिया है।

अधिकारियों के हवाले आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक इस गोलीबारी में चार भारतीय बच्चों समेत कम से कम 15 लोगों की जान चली गई है, जबकि 43 से अधिक नागरिक घायल हुए हैं।

पाकिस्तानी सेना की अंधाधुंध फायरिंग के चलते पुंछ जिले के बालाकोट, मेंढर, कृष्णा घाटी, गुलपुर, केरनी और मनकोट जैसे सीमाई क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। गोलाबारी से कई घर और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुंछ जिला मुख्यालय तक गोलियों और मोर्टार के धमाके सुनाई दिए। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिए बंकरों और सुरक्षित स्थानों में शरण ली है।

पुंछ में एक जवान की भी मौत

बुधवार सुबह जम्मू के पुंछ में हुई इसी फायरिंग के बीच हरियाणा का एक जवान शहीद हो गया है। लांस नायक दिनेश (32) की पोस्टिंग इन दिनों पुंछ में थी।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में बलविंदर कौर (33), मोहम्मद जैन खान (10), ज़ोया खान (12), मोहम्मद अकरम (40), अमरीक सिंह (55), मोहम्मद इकबाल (45), रणजीत सिंह (48), शकीला बी (40), अमरजीत सिंह (47), मरियम खातून (7), विहान भार्गव (13) और मोहम्मद रफी (40) शामिल हैं।

बारामूला जिले के उरी सेक्टर में पांच बच्चों सहित 10 लोग घायल हुए हैं, जबकि राजौरी में तीन और कुपवाड़ा के करनाह सेक्टर में कई मकानों में आग लग गई। दोपहर तक सीमा पार से गोलाबारी लगातार जारी रही, हालांकि बाद में इसकी तीव्रता कम हुई।

भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता

ऑपरेशन सिंदूर के बाद संभावित घुसपैठ की आशंका को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा के बंदोबस्त कड़े कर दिए गए हैं। सोनौली, निचलौल, बरगदवा, ठूठीबारी समेत कई बॉर्डर चेकपोस्ट पर एसएसबी, पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने निगरानी तेज कर दी है। आने-जाने वालों की पहचान की जा रही है और वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

यह भी देखें : पहले पड़ोसी मुल्क को शांत होना पड़ेगा, तभी हमारी बंदूकें भी शांत होंगी : उमर अब्दुल्ला

राजस्‍थान में भी हाई अलर्ट, 10 मई तक एयरपोर्ट बंद

पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर हमले के बाद राजस्थान में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा कारणों से किशनगढ़ और जोधपुर एयरपोर्ट में ऑपरेशन बंद कर दिए गए हैं। 10 मई तक सभी फ्लाइट्स रद्द कर दिए गए हैं। बीकानेर एयरपोर्ट भी बंद रहा। इंडिगो एयरलाइंस ने बीकानेर में 10 मई तक सभी उड़ान रद्द कर दी है। रेलवे ने भी अफसरों और कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी है।

बीकानेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी में आगामी आदेशों तक छुट्टियां रहेंगी। बीकानेर और श्रीगंगानगर में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर उन्हें मुख्यालय नहीं छोड़ने का आदेश दिया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories