US-Israel-Iran War: इजराइल-ईरान युद्ध के बीच इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौत की अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा,’मैं जिंदा हूं, और आप सब इसके गवाह हैं।’ यह बयान ऐसे समय में आया जब सोशल मीडिया और ईरानी मीडिया में उनके मारे जाने की खबरें तेजी से फैल रही थीं।
नेतन्याहू ने युद्ध की स्थिति पर अपडेट देते हुए दावा किया कि 20 दिनों के हमलों के बाद ईरान की कई महत्वपूर्ण क्षमताएं खत्म हो चुकी हैं। उन्होंने कहा, ‘ईरान अब यूरेनियम संवर्धन (enrichment) या बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की क्षमता नहीं रखता।’ उन्होंने आगे बताया कि इजराइल और अमेरिका मिलकर ईरान पर चौतरफा हमले कर रहे हैं और ईरान की लीडरशिप में दरारें आ गई हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू ने युद्ध के तीन मुख्य लक्ष्य बताए
ईरान का न्यूक्लियर खतरा पूरी तरह खत्म करना।
बैलिस्टिक मिसाइलों का खतरा दूर करना।
ईरानी लोगों के लिए आजादी की स्थिति बनाना।
उन्होंने कहा कि इजराइल ने ईरान के 100 से ज्यादा मिसाइल लॉन्चर और हथियार बनाने वाली कई फैक्ट्रियां तबाह कर दी हैं। नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान अब दुनिया को ब्लैकमेल नहीं कर सकता। उन्होंने अमेरिका के साथ सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि ट्रंप प्रशासन खुद इस जंग में शामिल हुआ है, और किसी ने उन्हें मजबूर नहीं किया।
एक सवाल पर नेतन्याहू ने कहा कि रेजीम चेंज (शासन परिवर्तन) के लिए सिर्फ हवाई हमले काफी नहीं हो सकते , जमीन पर कार्रवाई भी जरूरी हो सकती है, लेकिन ईरानी लोगों को खुद आगे आना होगा।
ईरान का दावा, अमेरिकी F-35 जेट को नुकसान
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने अमेरिकी F-35 फाइटर जेट पर हमला किया और उसे भारी नुकसान पहुंचाया। IRGC ने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें जेट को निशाना बनाते दिखाया गया है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने स्वीकार किया कि एक F-35 जेट को ईरान के ऊपर मिशन के दौरान इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान मिडिल ईस्ट के किसी देश में सुरक्षित उतारा गया और पायलट की हालत स्थिर है।
ईरानी मिसाइलों के मलबे से इजराइल में नुकसान
ईरानी मिसाइलों के कुछ टुकड़े उत्तरी इजराइल में गिरे, जिससे सड़कों और कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। ये टुकड़े उन मिसाइलों के हैं जिन्हें इजराइल के एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया था।फारसी न्यू ईयर से पहले तेहरान पर हमले जारीईरान में फारसी न्यू ईयर (नौरोज) से ठीक पहले हवाई हमले तेज हो गए हैं। तेहरान के आसपास रात भर कई धमाके हुए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान के पूर्वी हिस्से से शहर के बीच तक करीब पांच हमले हुए, जिनमें से एक पारचिन सैन्य परिसर पर था। शहर के बीच वाले इलाके में भी हमले की खबर है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। तेहरान के ऊपर एयर डिफेंस सिस्टम कई बार सक्रिय हुआ। इसी बीच, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि उन्होंने इजराइल पर कई चरणों में मिसाइल हमले किए हैं।









