नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली
ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक तत्काल सलाह जारी की, जिसमें सभी भारतीय नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। यह चेतावनी मध्य पूर्व में युद्ध की आशंका के बीच जारी की गई है, क्योंकि तेहरान और वाशिंगटन के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार दूतावास ने अपनी सलाह में कहा है “5 जनवरी 2026 को भारत सरकार द्वारा जारी सलाह के सिलसिले में और ईरान में बदलती स्थिति को देखते हुए ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्र, तीर्थयात्री, व्यापारी और पर्यटक) को उपलब्ध परिवहन साधनों से जिसमें कमर्शियल फ्लाइट्स शामिल हैं, ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है।”
इसके अलावा, 14 जनवरी 2026 की सलाह को दोहराया गया है कि सभी भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के व्यक्ति उचित सावधानी बरतें, विरोध प्रदर्शन या डेमॉन्स्ट्रेशन वाले क्षेत्रों से दूर रहें, भारतीय दूतावास से संपर्क में बने रहें और स्थानीय मीडिया पर किसी भी घटनाक्रम पर नजर रखें।
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से अनुरोध किया है कि उनके पास यात्रा और आव्रजन दस्तावेज़, जैसे पासपोर्ट और आईडी, हमेशा तैयार रखें।
सहायता के लिए आपातकालीन संपर्क हेल्पलाइन नंबर भी दिए गए हैं:
मोबाइल नंबर: +989128109115; +989128109109; +989128109102; +989932179359
ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in
यह सलाह ऐसे समय में आई है जब ईरान में छात्रों के विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी हैं, और तेहरान तथा वाशिंगटन के बीच परमाणु समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल बुसैदी ने पुष्टि की है कि अगला दौर की बातचीत इस सप्ताह गुरुवार, 26 फरवरी को जेनेवा में होगी। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी थी कि 10-15 दिनों के अंदर अमेरिका के साथ समझौता कर लें, वरना स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण हो सकती है।











